नाहन: करंट लगने से एक गाय की मौत, दो हुई बेहोश बिजली विभाग की लापरवाही के खिलाफ पांवटा में एफआईआर दर्ज.
अक्स न्यूज लाइन नाहन,17 जुलाई :
पांवटा पुलिस स्टेशन ने एक गाय की करंट लगने से मौत हो जाने के मामले में बिजली विभाग के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
जिले के एसपी एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस थाना पांवटा साहिब मे दीपक कुमार पुत्र श्री जागर सिंह गांव किशनपुरा ने बिजली विभाग की कथित लापरवाही के संबंध में शिकायत दर्ज करवाई है।
शिकायत के अनुसार, घर के पास स्थित पशुशाला में बंधी उनकी तीन गायों को बिजली का करंट लग गया। गायों की तेज आवाज सुनकर दीपक कुमार, राहुल और शेर सिंह मौके पर पहुंचे तथा रस्सियां खोलने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें भी करंट लगा। काफी प्रयास के बाद रस्सियां काटकर पशुओं को अलग किया गया। हादसे में एक गाय की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो गायें इस हादसे में बेहोश हो गईं।
एसपी ने बताया कि पुलिस थाना पांवटा साहिब मे मामला दर्ज कर आगामी जांच जारी है।



