डीसी गंधर्वा राठौड़ ने ब्राहलड़ी और नारा में लिए जलस्रोतों की सफाई का जायजा इस अभियान में आम लोगों, विशेषकर महिलाओं की भागीदारी की सराहना की
अक्स न्यूज लाइन हमीरपुर 10 जुलाई :
जिला में प्राकृतिक जलस्रोतों की सफाई और संरक्षण एवं संवर्द्धन सुनिश्चित करने के लिए उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ के विशेष आह्वान पर जिले भर में पारंपरिक कुओं, तालाबों, बावड़ियों, खातरियों और अन्य प्राकृतिक जलस्रोतों की सफाई का अभियान लगातार जारी है। इस अभियान में ग्राम पंचायतों के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के अलावा महिला मंडलों, युवक मंडलों और अन्य सामाजिक संगठनों के सदस्य भी काफी उत्साह के साथ अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर रहे हैं।
उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ भी स्वयं फील्ड में जाकर इस अभियान का जायजा ले रही हैं। शुक्रवार को उन्होंने एडीसी अभिषेक गर्ग और अन्य अधिकारियों के साथ ग्राम पंचायत ब्राहलड़ी और ग्राम पंचायत नारा का दौरा करके प्राकृतिक जलस्रोतों की सफाई के कार्यों का निरीक्षण किया।
इन कार्यों में आम लोगों, विशेषकर महिलाओं की भागीदारी की सराहना करते हुए उपायुक्त ने कहा कि इससे यह अभियान एक जन आंदोलन का रूप लेगा और इससे न केवल जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि जिला में जल जनित रोगों के फैलने की आशंका भी नहीं रहेगी।
इस अवसर पर उपायुक्त ने क्षेत्र के नवनिर्वाचित पंचायत जनप्रतिनिधियों से इस अभियान को लगातार जारी रखने की अपील करते हुए कहा कि इसके लिए पंचायतों को जिला प्रशासन, ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग, जल शक्ति विभाग, वन विभाग और अन्य संबंधित विभागों के माध्यम से भी हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी।



