जिला ऊना में फलदार पौधों का वितरण शुरू बागवानी विभाग सरकारी दरों पर उन्नत फलदार पौधे करवा रहा उपलब्ध -
अक्स न्यूज लाइन ऊना 24 जुलाई :
बागवानी विभाग ऊना द्वारा वर्षा ऋतु के दौरान फलदार पौधों के वितरण एवं बिक्री अभियान की शुरुआत कर दी गई है। विभाग द्विभिन्न विकास खंडों में तैनात बागवानी विकास अधिकारियों के माध्यम से किसानों को सरकारी निर्धारित दरों पर उन्नत किस्मों के फलदार पौधे उपलब्ध करवा रहा है। इसके साथ ही किसानों को पौधों के वैज्ञानिक रोपण, देखभाल एवं प्रबंधन संबंधी तकनीकी मार्गदर्शन भी प्रदान किया जा रहा है।
उप-निदेशक (बागवानी) ऊना, डॉ. के.के. भारद्वाज ने बताया कि जिला ऊना के सभी उद्यान विकास खंडों में विभाग द्वारा पंजीकृत नर्सरियों से अब तक लगभग 5,500 फलदार पौधों की आपूर्ति की जा चुकी है। इनमें आम, लीची, किन्नू, माल्टा, मौसम्बी, नींबू, गलगल, अमरूद, अनार, आंवला, पपीता, करौंदा तथा कटहल सहित विभिन्न उन्नत किस्मों के पौधे शामिल हैं, जिन्हें किसान अपने खेतों में रोपित कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि वर्षा ऋतु फलदार पौधों के रोपण के लिए सबसे उपयुक्त समय माना जाता है। इस मौसम में पौधों के जीवित रहने की संभावना अधिक होती है तथा उनकी प्रारंभिक वृद्धि भी बेहतर होती है। उन्होंने किसानों से आग्रह किया कि जो किसान नए बगीचे स्थापित करना चाहते हैं, वे अपनी मांग संबंधित बागवानी विकास अधिकारी के पास शीघ्र दर्ज करवाएं, ताकि आवश्यकता के अनुरूप पौधों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।
डॉ. भारद्वाज ने किसानों से अपील की कि फलदार पौधों का रोपण 15 अगस्त से पहले पूरा कर लें, जिससे पौधों के सफलतापूर्वक स्थापित होने की संभावना अधिक रहे और भविष्य में बेहतर उत्पादन प्राप्त हो सके।
उन्होंने बताया कि जिला ऊना की जलवायु को ध्यान में रखते हुए आम की मल्लिका, चौसा एवं लंगड़ा, अमरूद की इलाहाबाद सफेदा, लखनऊ-49, श्वेता एवं ललित, लीची की देहरादून तथा माल्टा वर्ग की मोसंबी, ब्लड रेड एवं जाफा जैसी उन्नत किस्में किसानों के लिए अधिक लाभकारी सिद्ध हो सकती हैं।
उप-निदेशक ने जानकारी दी कि एकीकृत बागवानी विकास परियोजना के तहत फलदार पौधों के बगीचे स्थापित करने पर किसानों एवं बागवानों को 50 प्रतिशत तक अनुदान प्रदान किया जा रहा है। इच्छुक किसान पौधों का रोपण करने के बाद संबंधित विकास खंड के बागवानी विकास अधिकारी के कार्यालय में आवेदन जमा कर इस योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
-0-



