मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट के दृष्टिगत जिला प्रशासन ने जारी किया परामर्श
अक्स न्यूज लाइन मंडी, 02 जुलाई :
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं उपायुक्त अपूर्व देवगन ने यहां बताया कि भारत मौसम विज्ञान केन्द्र, शिमला द्वारा 02 जुलाई और 03 जुलाई, 2026 को मण्डी जिला के कई स्थानों में भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी (ओरेंज अलर्ट) दी गई है। इस चेतावनी के दृष्टिगत जिला प्रशासन ने सभी से सावधानी बरतने तथा सतर्क एवं सुरक्षित रहने का परामर्श जारी किया है।
उपायुक्त ने सभी नागरिकों एवं पर्यटकों से आग्रह किया है कि वे ऊपरी पहाड़ी भागों, नदी-नालों के समीप व भूस्खलन की संभावना वाले क्षेत्रों में जाने से परहेज करें। उन्होंने लोगों का आह्वान किया कि वे स्वयं भी सतर्क रहें और अपने परिजनों को भी सुरक्षित रखें।
उन्होंने कहा कि किसी भी आपातकाल की स्थिति में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण या जिला प्रशासन मंडी को दूरभाष नंबर 01905-226201, 226202, 226203, 226204 अथवा आपातकालीन हेल्पलाइन दूरभाष नंबर - 1077 (टोल फ्री) 85447-71889, 94594-55714 पर सम्पर्क कर सकते हैं।




