उपमुख्यमंत्री ने संत ढांगू वाले महाराज जी की जयंती पर अर्पित किए श्रद्धासुमन

उपमुख्यमंत्री  ने संत ढांगू वाले महाराज जी की जयंती पर अर्पित किए श्रद्धासुमन
Ad 1 Ad 2 Ad 3 Ad 4 Ad 5 Ad 6 Ad 7 Ad 8 Ad 9
Ad 1 Ad 2 Ad 3 Ad 4 Ad 5 Ad 6 Ad 7 Ad 8 Ad 9
Ad 1 Ad 2 Ad 3 Ad 4 Ad 5 Ad 6 Ad 7 Ad 8 Ad 9

अक्स न्यूज लाइन ऊना, 3 अप्रैल. 

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शुक्रवार को जखेवाल में संत बाबा श्री ढांगू वाले महाराज जी की जयंती के पावन अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लेकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर उन्होंने पूज्य संत श्री अनूप जी महाराज से आत्मीय भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया।


उपमुख्यमंत्री ने कहा कि संत ढांगू वाले महाराज जी का जीवन जनसेवा, शिक्षा के प्रसार और मानव कल्याण के उच्च आदर्शों को समर्पित रहा। उन्होंने शिक्षण संस्थानों के माध्यम से ज्ञान का दीप प्रज्वलित किया और स्वास्थ्य सेवाओं के जरिए मानवता की सच्ची सेवा का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया, जो समाज के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार संतों की इस महान परंपरा को आगे बढ़ाते हुए धार्मिक स्थलों के विकास, सौंदर्यकरण और सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर विशेष ध्यान दे रही है। हरोली विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न मंदिरों और धार्मिक स्थलों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के साथ-साथ उनके सौंदर्यकरण पर करोड़ों रुपये व्यय किए जा रहे हैं। शीतला माता मंदिर ईसपुर के भव्य निर्माण पर करीब 8 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। क्षेत्र में विभिन्न गांवों में गुरु रविदास मंदिरों एवं अन्य अनेक धार्मिक स्थलों के विकास के लिए भी पर्याप्त धनराशि प्रदान की गई है।


 उन्होंने बताया कि क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को नई दिशा देने के उद्देश्य से पंडोगा में प्रस्तावित रोपवे परियोजना पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। लगभग 12 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह रोपवे वनखंडी के समीप स्थित रेस्ट हाउस से वनखंडी माता मंदिर तक विकसित किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को सुगम, सुरक्षित और आकर्षक आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी।उन्होंने कहा कि हिमाचल-पंजाब सीमा के समीप विकसित होने वाला यह रोपवे न केवल आस्था और पर्यटन को जोड़ने का माध्यम बनेगा, बल्कि क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को भी गति देगा। इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे और हरोली को पर्यटन मानचित्र पर एक नई पहचान मिलेगी।


श्री अग्निहोत्री ने कहा कि संत महापुरुषों का जीवन समाज को दिशा देने का कार्य करता है और उनके आदर्शों को अपनाकर ही एक सशक्त, संवेदनशील और समरस समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने लोगों से संतों की शिक्षाओं को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त उपाध्यक्ष चेतराम ठाकुर, महासचिव रणजीत सिंह राणा,  विवेक कुमार एवं बलविंदर सिंह ठाकुर के अलावा कांग्रेस नेता संदीप अग्निहोत्री, प्रमोद कुमार समेत अन्य गणमान्य भी उनके साथ रहे।