मंडी : लोक संस्कृति के संरक्षण के लिए कुलदीप गुलेरिया सम्मानित

मंडी : लोक संस्कृति के संरक्षण के लिए कुलदीप गुलेरिया सम्मानित
Ad 5 Ad 6 Ad 9 Ad 9
Ad 6 Ad 7 Ad 9 Ad 9
Ad 6 Ad 7 Ad 9 Ad 9

 अक्स न्यूज लाइन  मंडी,10 जुलाई :
प्रदेश के सबसे बड़े एवं सक्रिय रोटरी क्लब, सुंदरनगर द्वारा आशियाना होटल के सभागार में आयोजित 20वें वार्षिक पदस्थापना एवं सम्मान समारोह में लोक संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदेश के वरिष्ठ संस्कृति कर्मी कुलदीप गुलेरिया को सम्मानित किया गया।
यह सम्मान उन्हें वर्ष 2025-26 के दौरान सामाजिक सरोकारों तथा मंडयाली लोक संस्कृति के संरक्षण, संवर्धन एवं जन-जागरण के क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट एवं बहुमूल्य योगदान के लिए प्रदान किया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि एवं इंस्टॉलेशन अधिकारी के रूप में हिमाचल प्रदेश, पंजाब एवं जम्मू-कश्मीर के डीजीई (2027-28) विजय सहदेव तथा उनके साथ आए डिस्ट्रिक्ट सेक्रेटरी एडमिन सुरेंद्र सिंह मुल्तानी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर रोटरी क्लब सुंदरनगर की प्रधान डॉ. सरला गौतम, सचिव विमल शर्मा, सेवानिवृत्त संयुक्त निदेशक (तकनीकी शिक्षा) आर.के. शर्मा तथा प्रो. महेंद्र चौधरी ने कुलदीप गुलेरिया को सम्मानित किया।
कुलदीप गुलेरिया प्रदेश के सुप्रसिद्ध संस्कृति कर्मी, माण्डव्य कला मंच के संस्थापक अध्यक्ष, रंगकर्मी, कुशल मंच संचालक तथा बहुआयामी प्रतिभा के धनी कलाकार हैं। पिछले 39 वर्षों से वे हिमाचल की समृद्ध लोक संस्कृति के संरक्षण, संवर्धन और नई पीढ़ी तक इसके हस्तांतरण के लिए सतत कार्य कर रहे हैं।
विशेष रूप से जनपद मंडी के प्रमुख लोकनृत्य लुडडी, जो 90 के दशक तक अपनी पहचान लगभग खो चुका था, पर उन्होंने लगभग एक वर्ष तक गहन शोध कर उसे पुनर्जीवित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके अतिरिक्त वे लुप्तप्राय लोकनाट्य बांठ्ड़ा, लोकनृत्य बुठ्ड़ा, मांड्याली गिद्दा, नागरिया, चरकटी तथा विभिन्न संस्कार गीतों के संरक्षण एवं पुनर्जीवन के लिए भी निरंतर प्रयासरत हैं।
समारोह में विशेष अतिथि के रूप में विधायक राकेश जमवाल उपस्थित रहे। इसके अलावा मंडी, नेरचौक, सुंदरनगर, बिलासपुर और घुमारवीं  रोटरी क्लबों के पदाधिकारी एवं सदस्यों सहित विभिन्न क्षेत्रों के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर वर्ष 2026-27 के लिए पदभार ग्रहण करने वाले रोटरी क्लब सुंदरनगर के प्रधान राकेश सेन एवं सचिव नरेश धीमान ने सभी अतिथियों, सम्मानित व्यक्तियों तथा उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त किया।
यह सम्मान न केवल कुलदीप गुलेरिया की चार दशक से चली आ रही सांस्कृतिक साधना का सम्मान है, बल्कि हिमाचल की लोक संस्कृति को सहेजने और उसे नई पीढ़ी तक पहुँचाने के लिए किए जा रहे उनके सतत प्रयासों की भी सार्थक सराहना है।