प्रत्येक पात्र सफाई कर्मी को सुनिश्चित हो सरकारी योजनाओं का लाभ: उपायुक्त
राहुल कुमार ने सरकार द्वारा संचालित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के प्रति सफाई कर्मचारियों और उनके परिवारजनों को जागरूक करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र लाभार्थी को सरकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित बनाया जाना चाहिए। उन्होंने नगर परिषद के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सफाई कर्मचारियों को समय पर वेतन का भुगतान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही कहा कि सफाई कार्य के दौरान उपयोग किए जाने वाले सभी आवश्यक उपकरण जैसे गुणवत्तापूर्ण मास्क, दस्ताने, वर्दी एवं अन्य सुरक्षा सामग्री की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सफाई कर्मियों के सरकार द्वारा निर्धारित सभी मानक संचालन प्रक्रियाओं की अनुपालना सुनिश्चित बनाने के भी निर्देश दिये।
उपायुक्त ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को सफाई कर्मियों के उत्थान एवं कल्याण के लिए सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं को धरातल पर पूरी गंभीरता के साथ क्रियान्वित करने को कहा ताकि कोई भी पात्र योजनाओं से वंचित न रहे। उन्होंने अधिकारियों को सफाई कर्मचारियों के सम्मान, सुरक्षा और सामाजिक सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया, ताकि उनके जीवन स्तर में वास्तविक सुधार सुनिश्चित हो सके। बैठक में जिला कल्याण अधिकारी रमेश बंसल सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




