नाहन : 9 मार्च को सीपीआईएम का जनता के मुद्दों पर जिला सिरमौर से शुरू होगा जथा मार्च….

नाहन : 9 मार्च को सीपीआईएम का जनता के मुद्दों पर जिला सिरमौर से शुरू होगा जथा मार्च….

 सीपीआई एम की राज्य कमेटी द्वारा 9 मार्च से प्रदेशभर में जनता के मुद्दों पर जथा मार्च अभियान शुरू किया जाएगा। इस अभियान की शुरुआत 9 मार्च को जिला सिरमौर के नाहन से की जाएगी। राज्य कमेटी का यह जथा 9 मार्च को नाहन से निकलकर लोगों के बीच जाकर केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज उठाएगा और इसके बाद प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी जाएगा।

जिला सचिव राजेंदर ठाकुर  तथा जिला सचिवालय सदस्य आशीष कुमार ,लॉकल कमेटी सदस्य नाहन  धनीराम शर्मा  ने बताया कि 9 मार्च से शुरू हो रहा यह जथा मार्च जनता के बीच व्यापक जनजागरण अभियान चलाएगा और 24 मार्च को दिल्ली में होने वाली जन आक्रोश रैली में शामिल होने के लिए लोगों को प्रेरित करेगा।

उन्होंने कहा कि जिला सिरमौर से सैकड़ों लोग 24 मार्च को दिल्ली के लिए रवाना होंगे और मजदूर-किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करेंगे

इस अभियान के तहत 9 मार्च से ही जिला सिरमौर में भी विभिन्न क्षेत्रों में जथा मार्च चलाया जाएगा। पच्छाद, राजगढ़, पांवटा साहिब और शिलाई क्षेत्रों में स्थानीय जथे निकाले जाएंगे। इन जथों के माध्यम से कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों से संपर्क करेंगे, परचा वितरण करेंगे और जनता को अपने अधिकारों के लिए संघर्ष में शामिल होने का आह्वान करेंगे।

यह अभियान मजदूरों, किसानों और आम जनता से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर चलाया जा रहा है। इनमें लेबर कोड वापस लेने, भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को रद्द करने, मनरेगा को बहाल करने, बिजली संशोधन विधेयक को वापस लेने, स्मार्ट मीटर लगाने को बंद करने, किसानों को 5 बीघा जमीन देने, दूध का घोषित समर्थन मूल्य तय करने, आपदा प्रभावितों को जमीन देने तथा RDG को बहाल करने की मांगें प्रमुख रूप से शामिल हैं।