22 जुलाई, 2026 को होगा क्रैच कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं का साक्षात्कार
अक्स न्यूज लाइन शिमला 03 जुलाई :
जिला बाल विकास परियोजना अधिकारी शिमला शहरी इंदु शर्मा ने आज यहां जानकारी दी कि शिमला शहर के आंगनबाड़ी सह क्रैच केंद्रों में क्रैच कार्यकर्ताओं के 09 व क्रैच सहायिकाओं के 13 रिक्त पदों के लिए साक्षात्कार 22 जुलाई, 2026 को उपमंडलाधिकारी शिमला शहरी के कार्यालय में प्रातः 11 बजे से आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि शिमला शहरी के फागली, घोड़ा सराय, आरटीओ, टुटीकंडी शिशु केंद्र, समरहिल, बंगाला कॉलोनी, चलौंठी, रुलडूभट्टा, स्ट्रॉबेरी, कुफट्टाधार, साधनाघाटी, बेमलोई व नॉर्थओक में क्रैच कार्यकर्ता व सहायिका के रिक्त पद हैं जिनके लिए साक्षात्कार आयोजित किया जा रहा है।
इंदु शर्मा ने बताया कि कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं के पद के लिए महिला का संबंधित आंगनबाड़ी के लाभान्वित क्षेत्र से होना अनिवार्य है। उम्मीदवार की आयु 18 से 35 आयु वर्ष के बीच होनी चाहिए (22 जुलाई, 2026 तक), आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के लिए शैक्षिणिक योग्यता दस, जमा दो व आंगनबाड़ी सहायिका के पद के लिए दसवीं पास होना अनिवार्य है।
इसके अतिरिक्त उम्मीदवार की वार्षिक आय 50 हजार रूपये से अधिक नहीं होनी चाहिए और आय प्रमाण पत्र तहसीलदार/नायब तहसीलदार द्वारा जारी होना चाहिए।
उचित मूल्य की दुकान के आबंटन के लिए 25 जुलाई तक करें आवेदन
अक्स न्यूज लाइन बिलासपुर 03 जुलाई :
जिला नियंत्रक, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले, बिजेंद्र पठानिया बिलासपुर ने जानकारी देते हुए बताया कि विकासखंड सदर की ग्राम पंचायत निचली भटेड के वार्ड संख्या-7, गांव देलग में संचालित उचित मूल्य की दुकान के विक्रेता के आकस्मिक निधन के कारण उक्त दुकान का पुनः आबंटन किया जाना है। इसके लिए इच्छुक एवं पात्र आवेदकों से 25 जुलाई, 2026 तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन निर्धारित पोर्टल https://emerginghimachal.hp.gov.in/backoffice/site/login पर अपलोड किए जा सकते हैं। उचित मूल्य की दुकान के आबंटन हेतु चयन सरकार द्वारा निर्धारित पात्रता एवं मेरिट आधारित मानदंडों के अनुसार किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि आवेदन के साथ निर्धारित सभी अनिवार्य दस्तावेज अपलोड करना आवश्यक होगा। इनमें शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र, वार्ड प्रमाण पत्र, श्रेणी संबंधी प्रमाण पत्र (यदि लागू हो), शिक्षित बेरोजगार प्रमाणपत्र, शपथ पत्र, दुकान/गोदाम संबंधी दस्तावेज तथा अन्य आवश्यक अभिलेख शामिल हैं। आवेदक की आयु 18 से 45 वर्ष के बीच होना अनिवार्य है। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। आवेदन प्रक्रिया अथवा पात्रता संबंधी विस्तृत जानकारी के लिए जिला नियंत्रक, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले, बिलासपुर के कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।




