नाहन : कालाअम्ब की औद्योगिक इकाई में अचानक बॉयलर फटा,आधा दर्जन घायल, मची अफरातफरी, पुलिस जांच में जुटी...
अक्स न्यूज लाइन नाहन 29 मार्च :
औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में रविवार सुबह वाहनों के सेफ्टी ग्लास बनाने वाली नामी इकाई 'हिम सेफ्टी ग्लास' में काम शुरू होने के कुछ ही देर बाद अचानक बॉयलर फट गया। हादसे के बाद फैक्ट्री में हड़कंप मचा गया। बायलर फटने से भारी नुकसान भी हुआ है। आधा दर्जन लोगों के घायल होने की सूचना है। एसपी सिरमौर एसएस नेगी ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। जाँच जारी है ,एसपी ने बताया कि नुकसान का अभी आंकलन किया जा रहा है। इस हादसे में आधा दर्जन लोगों के मामूली रूप से घायल हुए हैं म
इस हादसे में फैक्ट्री की मशीनरी और बुनियादी ढांचे को भारी क्षति पहुँची है,
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा उस वक्त हुआ जब सुबह की शिफ्ट का काम शुरू किया जा रहा था। सुबह करीब 7:30 बजे बॉयलर में अचानक तकनीकी खराबी आने से एक जोरदार विस्फोट हुआ। धमाका इतना शक्तिशाली था कि बॉयलर का भारी-भरकम धातु का कवर उखड़कर काफी दूर जा गिरा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाके की आवाज दूर तक सुनी गई और यूनिट के एक हिस्से में मलबे के कारण भारी दबाव की स्थिति पैदा हो गई।
विस्फोट के समय प्लांट में कर्मचारी मौजूद थे, जिससे मौके पर भगदड़ मच गई। राहत की बात यह रही कि किसी भी कर्मचारी को गंभीर चोट नहीं आई। सूचना मिली है कि कुछ श्रमिक आंशिक रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें फैक्ट्री प्रबंधन द्वारा तुरंत प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया। अगर धमाका मशीन के और करीब होता, तो बड़ी जनहानि हो सकती थी।
हादसे के तुरंत बाद फैक्ट्री प्रबंधन ने सतर्कता दिखाते हुए पूरे परिसर को खाली करवाया और सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत बिजली सप्लाई व अन्य मशीनों को बंद कर स्थिति को नियंत्रित किया। घटना की सूचना मिलते ही कालाअंब पुलिस और संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुँचीं और स्थिति का जायजा लिया।
फैक्ट्री प्रबंधन के अनुसार, बॉयलर और उसके आसपास की महंगी मशीनरी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है, जिससे भारी नुकसान हुआ है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर इसे तकनीकी खराबी या प्रेशर बढ़ने के कारण हुआ विस्फोट माना जा रहा है।





