नाहन:डाइट संस्थान में 5 दिवसीय निष्ठा प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न,140 शिक्षा खंडों के अध्यापकों ने हिस्सा लिया...
अक्स न्यूज लाइन नाहन, 13 मार्च।
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) नाहन में आयोजित पांच दिवसीय इन-सर्विस इक्विटेबल एंड इंक्लूसिव एजुकेशन ट्रेनिंग (निष्ठा) का आज समापन किया गया। समापन अवसर पर जिला शिक्षा उपनिदेशक (उच्च शिक्षा), गुणवत्ता एवं जिला परियोजना अधिकारी श्री विजय राघव तथा जिला शिक्षा उपनिदेशक (प्रारंभिक शिक्षा) एवं प्रधानाचार्य डाइट श्री राजीव ठाकुर ने प्रशिक्षण प्राप्त अध्यापकों को प्रमाण पत्र भेंट किए।
इंक्लूसिव एजुकेशन की जिला कोऑर्डिनेटर श्रीमती शिवानी थापा और डॉ. शैली गोपाल ने जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के विभिन्न शिक्षा खंडों से लगभग 140 अध्यापकों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान अध्यापकों को समावेशी शिक्षा से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आयोजित किया गया। ऑनलाइन सत्र एससीईआरटी सोलन, एनसीईआरटी दिल्ली तथा जीआरआईडी (ग्रीड) चंडीगढ़ के विशेषज्ञों द्वारा संचालित किए गए। वहीं ऑफलाइन सत्रों में आस्था स्पेशल स्कूल और जिले के मास्टर ट्रेनरों द्वारा अध्यापकों को इंक्लूसिव एजुकेशन से संबंधित व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।




