विकसित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम 2026: दूसरे दिन किन्नौर के सीमावर्ती गांवों में विविध गतिविधियों का आयोजन
अक्स न्यूज लाइन शिमला 0 8 जून :
शिमला/किन्नौर। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के मेरा युवा भारत (माय भारत) तथा भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के संयुक्त तत्वावधान में हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले के सीमावर्ती गांवों में आयोजित विकसित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम-2026 के दूसरे दिन विभिन्न गतिविधियों का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।
दिन की शुरुआत प्रतिभागियों के लिए आयोजित योग सत्र से हुई, जिसमें शारीरिक स्वास्थ्य और मानसिक संतुलन पर विशेष बल दिया गया। इसके बाद प्रतिभागियों ने गोद लिए गए गांवों में स्वच्छता अभियान चलाकर पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक सहभागिता का संदेश दिया।
प्रतिभागियों ने ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय ग्रामीणों के साथ संवाद कर ग्रामीण प्रशासन, विकास योजनाओं तथा क्षेत्र की विशिष्ट सामाजिक-सांस्कृतिक परंपराओं की जानकारी प्राप्त की। इसके अतिरिक्त गांवों और आसपास के क्षेत्रों में ट्रेकिंग गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिससे युवाओं को सीमावर्ती क्षेत्रों की प्राकृतिक सुंदरता और सामरिक महत्व को नजदीक से समझने का अवसर मिला।
कार्यक्रम के सफल संचालन में आईटीबीपी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। बल के अधिकारियों और जवानों ने गतिविधियों के समन्वय तथा प्रतिभागियों और स्थानीय समुदायों के बीच सार्थक संवाद स्थापित करने में सहयोग प्रदान किया।
स्थानीय निवासियों के साथ बातचीत के दौरान प्रतिभागियों ने पारंपरिक सिंचाई प्रणालियों, बागवानी आधारित आजीविका और क्षेत्र में अपनाई जा रही सतत विकास की पद्धतियों के बारे में जानकारी हासिल की। इस संवाद ने राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और आपसी समझ को और मजबूत किया।
दिन का एक प्रमुख आकर्षण सांस्कृतिक आदान-प्रदान रहा, जिसमें प्रतिभागियों ने स्थानीय समुदाय की आत्मीयता और आतिथ्य का अनुभव किया। साथ ही उन्होंने किन्नौरी पास्ता, मोमोज, थुकपा सहित अनेक पारंपरिक किन्नौरी व्यंजनों का स्वाद भी चखा।
यह कार्यक्रम देशभर से आए युवाओं को सीमावर्ती समुदायों के जीवन, संस्कृति और चुनौतियों को समझने का अनूठा अवसर प्रदान कर रहा है तथा विकसित भारत के निर्माण के संकल्प को जनभागीदारी और सेवा भावना के माध्यम से सशक्त बना रहा है।
Regards,









