नाहन : राज्य स्तरीय पेंचक सिलात प्रतियोगिता में 20 स्वर्ण जीत कर लौटे सिरमौर के खिलाड़ी
खिलाडिय़ों के कोच जावेद उल्फत ने बताया कि इसमें से कई खिलाड़ी पहले भी राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीत चुके हैं। उन्होंने कहा कि सिरमौर जिला पेंचक सिलात एसोसिएशन के लिए भी एक साथ इतने सारे मेडल जीतना बहुत बड़ी उपलब्धि है और सिरमौरवासियों के लिए भी गर्व की बात है। उल्फत ने बताया कि पेंचक सिलात एसोसिएशन ऑफ मंडी के द्वारा इंडियन पेंचक सिलात फेडरेशन के तत्वाधान में पड्डल ग्राउंड, मंडी में छठवीं हिमाचल प्रदेश राज्य स्तरीय पेंचक सिलात चैम्पियनशिप आयोजित की गई। इस चैंपियनशिप में वॉरटाइम कॉम्बैट सिस्टम अकादमी नाहन के 22 खिलाड़ियों ने भाग ले कर जिला सिरमौर का प्रतिनिधित्व किया। यह खिलाड़ी लगातार मार्शल आर्ट्स और पेंचक सिलात का अभ्यास करते आ रहे हैं व प्रतियोगिता के टेंडिग (फाइट) इवेंट में यह उपलब्धि हासिल की। राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में पुरुष व महिला वर्गों में अपने अपने आयु और भार वर्गों में खिलाड़ियों ने फाइट की।
राज्य स्तरीय पेंचक सिलात प्रतियोगिता का आयोजन पेंचक सिलात एसोसिएशन और हिमाचल प्रदेश द्वारा एसोसिएशन के अध्यक्ष जोगिंदर आजाद की देख रेख में संपन्न हुआ। गौरतलब है कि पेंचक सिलात राज्य व केंद्र सरकार से मान्यता प्राप्त एक मार्शल आर्ट खेल है जो वर्तमान में बहुत लोकप्रिय है। हिमाचल प्रदेश स्टेट पेंचक सिलात चैम्पियनशिप में हिमाचल के सात जिलों सिरमौर, कांगड़ा, मंडी, कुल्लू, शिमला, बिलासपुर के 238 खिलाड़ियों ने भाग लिया।




