शिक्षा विभाग को प्राथमिकता के तहत मिला 9666 करोड़ का बजट - रोहित ठाकुर
अक्स न्यूज लाइन शिमला 29 मार्च :
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश ने 1947 से लेकर शिक्षा के क्षेत्र में लम्बा सफर तय किया है। जहाँ पहले प्रदेश की साक्षरता दर केवल 7 प्रतिशत थी वहीं आज प्रदेश की साक्षरता दर 99.30 प्रतिशत है जोकि इस पहाड़ी प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कठिन वित्तीय परिस्थियों के बीच भी प्रदेश सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र को प्राथमिकता देते हुए शिक्षा विभाग के लिए लगभग 9666 करोड़ रुपए का बजट रखा गया है जोकि कुल बजट का लगभग 18 प्रतिशत है ताकि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा बच्चों को प्राप्त हो।
रोहित ठाकुर आज ठियोग विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सरोग में नव-निर्मित पुस्तकालय का उद्घाटन कर जनता को समर्पित किया। इस दौरान ठियोग विधानसभा क्षेत्र के विधायक कुलदीप सिंह राठौर भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
उन्होंने कहा कि यह पुस्तकालय बच्चों और जनता को समर्पित किया गया है जिसका लाभ सबको मिलेगा। ग्रामीण क्षेत्र होने के बावजूद भी यह आधुनिक पुस्तकालय बना है जिसका सही मायने में उपयोग होना चाहिए और समाज के प्रत्येक व्यक्ति को इसका लाभ मिलना चाहिए।
ठियोग को मिले 4 सीबीएसई स्कूल
उन्होंने बताया कि प्रदेश में 151 सीबीएसई स्कूल दिए गए हैं जिसमें ठियोग के चार सीबीएसई स्कूल ठियोग, कुमारसैन, मतियाना और सैंज स्कूल शामिल हैं।
शिक्षा मंत्री ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सरोग में कॉमर्स सब्जेक्ट शुरू करने की घोषणा की।
ठियोग विधानसभा क्षेत्र के विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने शिक्षा मंत्री का स्वागत किया और उन्हें क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से अवगत करवाया। उन्होंने ठियोग विधानसभा क्षेत्र में चार सीबीएसई स्कूल देने के लिए शिक्षा मंत्री का आभार भी व्यक्त किया।
कार्यक्रम के उपरांत शिक्षा मंत्री ने पार्टी कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्र की जनता से भेंट की। उन्होंने लोगों की समस्याओं व शिकायतों को गंभीरता से सुना तथा उनके शीघ्र एवं चरणबद्ध समाधान का आश्वासन दिया।
इस दौरान सचिव शिक्षा विभाग राकेश कंवर, उपमंडल दण्डाधिकारी ठियोग डॉ शशांक गुप्ता, डीएसपी सिद्धार्थ शर्मा, उपनिदेशक उच्च शिक्षा विभाग एल.आर. भरद्वाज, स्थानीय प्रधान, स्कूल की प्रधानाचार्य और शिक्षक, विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।





