अक्स न्यूज लाइन कुल्लू 12 मार्च :
सचिव जल शक्ति, वित्त, नियोजन, अर्थ एवं सांख्यिकी डॉ अभिषेक जैन ने गुरुवार को मनाली विधानसभा में गत वर्षों में बाढ़ से हुए नुकसान का जायजा लिया तथा बाढ़ सुरक्षा के लिए किए जा रहे कार्यों का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
उन्होंने जलशक्ति विभाग द्वारा मनाली विधानसभा में आलू ग्राउंड के साथ बाढ़ सुरक्षा कार्य का निरीक्षण किया जिसका कार्य प्रगति पर है। उन्होंने जलशक्ति विभाग द्वारा कलाथ वृद्धाश्रम के पास निर्मित बाढ़ सुरक्षा दीवार का भी निरीक्षण किया 400 मीटर इस लंबी सुरक्षा दीवार का काम पूर्ण हो चुका है।
इसके पश्चात सचिव ने सभी महत्वपूर्ण विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने जलशक्ति विभाग से केंद्रीय जल आयोग की रिपोर्ट पर की गई प्रगति की भी जानकारी ली। बैठक में जानकारी दी गई कि 8 करोड़ रुपए से 700 मीटर क्षेत्र पर बाढ़ नियंत्रण का कार्य चल रहा है। इसके साथ ही 21 सौ मीटर के क्षेत्र में 30 करोड़ का कार्य प्रगति पर है जोकि 15 अप्रैल से पहले पूर्ण हो जाएगा। बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि प्रशासन द्वारा 11 स्थलों पर ड्रेजिंग के कार्य प्रस्तावित है।
लोक निर्माण द्वारा बताया गया कि विभाग के माध्यम से कुल 24 करोड़ के कार्य 800 मीटर के क्षेत्र पर कार्य चल रहा है जिसमें से 15 करोड़ का कार्य पूर्ण हो चुका है। उन्होंने निर्देश दिए कि जून माह तक सभी कार्यों को पूर्ण करें ताकि आगामी बरसात से पहले ऐसे सभी स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने निर्देश दिए कि उपायुक्त की अध्यक्षता में मासिक रूप से सभी विभागों के साथ नियमित बैठक अनिवार्य रूप से हो जिसमें एनएचएआई की भागीदारी भी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सचिव स्तर पर वे स्वयं भी मासिक बैठक की अध्यक्षता नियमित रूप से सुनिश्चित बनाएंगे।
बैठक में एसडीएम मनाली रमन शर्मा, अधीक्षण अभियंता जलशक्ति विनोद ठाकुर सहित लोक निर्माण, नगर परिषद सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।