मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई राज्य ब्रॉडबैंड समिति की बैठक
हिमाचल प्रदेश राज्य ब्रॉडबैंड समिति (SBC) की 7वीं बैठक दिनांक 24 फरवरी 2026 को श्री संजय गुप्ता, मुख्य सचिव, हिमाचल प्रदेश सरकार की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
राष्ट्रीय ब्रॉडबैंड मिशन के अंतर्गत राज्य ब्रॉडबैंड समिति राज्य में ब्रॉडबैंड विस्तार को तेज़ी से आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसका उद्देश्य दूरसंचार नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करना, आवश्यक अवसंरचना का विकास करना, तथा राज्य और ज़िला स्तर पर समन्वित प्रयासों के माध्यम से प्रगति की निगरानी करना है, ताकि समावेशी सामाजिक-आर्थिक विकास को बढ़ावा दिया जा सके।
बैठक का आयोजन श्री अनिल कुमार गुप्ता, अपर महानिदेशक (दूरसंचार) /सलाहकार, हिमाचल प्रदेश लाइसेंस सेवा क्षेत्र, दूरसंचार विभाग (सदस्य संयोजक) तथा श्री चंद्र भूषण सिंह, उप महानिदेशक (ग्रामीण), हिमाचल प्रदेश लाइसेंस सेवा क्षेत्र, दूरसंचार विभाग के द्वारा किया गया। बैठक में श्री देवेश कुमार, प्रधान सचिव, हिमाचल प्रदेश सरकार, श्री आशीष सिंघमार, सचिव (DDTG), हिमाचल प्रदेश सरकार सहित अन्य सम्मानित समिति सदस्य उपस्थित रहे। बीएसएनएल (BSNL), डीआईपीए (DIPA) और सीओएआई (COAI) के प्रतिनिधियों ने भी
बैठक में भाग लिया।
बैठक में दूरसंचार से संबंधित प्रमुख मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया, श्री चंद्र भूषण सिंह, उप महानिदेशक (ग्रामीण) ने बताया कि भारत के सभी ग्रामीण और दूर-दराज़ क्षेत्रों को हाई-स्पीड मोबाइल कनेक्टिविटी और ब्रॉडबैंड सुविधा प्रदान करने के लिए, डिजिटल भारत निधि के तहत दूरसंचार विभाग, भारत सरकार की 4जी संतृप्ति योजना और भारतनेट योजना दो प्रमुख योजनाएँ हैं। हिमाचल प्रदेश में 4जी संतृप्ति योजना के तहत अब तक 572 साइटें स्थापित की गई हैं। संशोधित भारतनेट योजना के अंतर्गत हिमाचल प्रदेश में 3615 ग्राम पंचायतों और मांग के अनुसार 15538 गाँवों को ऑप्टिकल फाइबर के माध्यम से हाई-स्पीड ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी प्रदान करने की योजना है, जिस पर कार्य प्रगति पर है तथा इस योजना को पूरा करने का लक्ष्य फरवरी 2028 है।
इसके अतिरिक्त कॉमन डक्ट एवं इंफ्रास्ट्रक्चर शेयरिंग नीति, कंपोज़िट बिलिंग एवं स्मार्ट मीटरिंग, राइट ऑफ वे (RoW) से जुड़े विषय, “कॉल बिफोर यू डिग (CBuD)” ऐप का उपयोग, स्ट्रीट फर्नीचर का जीआईएस मैपिंग आदि मुद्दों पर भी चर्चा की गई।
श्री संदीप आर्य, उप महानिदेशक (प्रौद्योगिकी), हिमाचल प्रदेश लाइसेंस सेवा क्षेत्र, दूरसंचार विभाग ने बैठक में उपस्थित सम्मानित सदस्यों को दूरसंचार विभाग की नागरिक-केंद्रित सेवाओं के बारे में भी जानकारी दिया।
बैठक के दौरान अध्यक्ष, राज्य ब्रॉडबैंड समिति ने संबंधित हितधारकों को चर्चा किए गए मुद्दों को समयबद्ध समाधान हेतु आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। बैठक अत्यंत उपयोगी एवं सार्थक रही, जिसमें राज्य में दूरसंचार अवसंरचना को सुदृढ़ बनाने तथा डिजिटल कनेक्टिविटी को बढ़ाने की दिशा में ठोस निर्णय लिए गए।
********




