33 लाख से बने कजलोट पंचायत भवन का उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने किया उद्घाटन
केवल सिंह पठानिया ने आज मंगलवार को विकास खण्ड रैत की ग्राम पंचायत कजलोट में 33 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित पंचायत भवन का उद्घाटन करने के उपरांत जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा है कि विकास केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि योजनाओं का लाभ पंचायत एवं बूथ स्तर पर प्रत्येक नागरिक तक पहुंचे। इसी उद्देश्य से शाहपुर विधानसभा क्षेत्र की सभी पंचायतों में विकास योजनाओं का धरातल पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत कजलोट में जल्द ही पटवार घर, महिला मंडल भवन तथा एक पार्क का निर्माण भी किया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों को और अधिक सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और पंचायत स्तर पर बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है।
इस अवसर पर केवल सिंह पठानिया ने लोगों की जन समस्याएं भी सुनी और अधिकांश समस्याओं का उन्होंने मौके पर ही निपटारा कर दिया तथा शेष समस्याओं के समाधान के लिए सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों को उचित दिशा निर्देश भी दिये।
इसके उपरांत विधानसभा उपमुख्य सचेतक एवं शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया ने ग्राम पंचायत भत्तला के अंतर्गत वन प्रबंधन मार्ग का शिलान्यास किया तथा बरनेट में लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्मित वर्षा शालिका का उद्घाटन भी किया। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश वूल फेडरेशन के अध्यक्ष मनोज कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर बीडीओ रैत कमलजीत, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, अधिशासी अभियंता जल शक्ति विभाग विशाल ठाकुर, डीएफओ धर्मशाला अमित शर्मा, वन विभाग के अधिकारी, उपमुख्य सचेतक के सलाहकार विनय, स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारियों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।




