नाहन :रोटरी क्लब नाहन संगिनी का नवीन कार्यकाल प्रारंभ, समाजसेवा के साथ डॉक्टर्स एवं सीए डे मनाया गया
अक्स न्यूज लाइन नाहन 01 जुलाई :
रोटरी क्लब नाहन संगिनी के नए कार्यकाल का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर श्रीमती मोनिका जैन ने क्लब की नई अध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण किया। श्रीमती भावना रतन को सचिव तथा श्रीमती दीपा बंसल को कोषाध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया।
नए कार्यकाल के प्रथम सेवा प्रकल्प के अंतर्गत क्लब द्वारा गोद लिए गए राजकीय प्राथमिक विद्यालय, पूर्वी मोहल्ला, नाहन के विद्यार्थियों को स्टेशनरी, उपहार एवं खाद्य सामग्री वितरित की गई। साथ ही अन्नपूर्णा दिवस के अवसर पर बच्चों को भोजन सामग्री भी प्रदान की गई।
इस अवसर पर डॉक्टर्स डे एवं चार्टर्ड अकाउंटेंट्स डे भी उत्साहपूर्वक मनाया गया। समाज के प्रति उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए डॉ. अनुपमा अरोड़ा (सहायक प्रोफेसर एवं मनोचिकित्सक, वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज), डॉ. मनवीत (प्रख्यात दंत चिकित्सक), डॉ. ममता जैन (आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी) तथा चार्टर्ड अकाउंटेंट श्री प्रतीक गर्ग को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में क्लब की सभी सदस्याएँ—सुश्री सोना चंदेल (आरटीओ), श्रीमती श्यामा, पारुल, रमा रेतका, सीमा गुप्ता, शालू परमार, रेनू चौधरी, विजयलक्ष्मी अरोड़ा एवं अन्य सदस्याएँ—उपस्थित रहीं। सभी ने नए कार्यकाल में सेवा, शिक्षा एवं सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।




