नाहन: 6.90 करोड़ के बैंक लोन में धोखाधड़ी का मामला, राजगढ़ में एफआईआर दर्ज...

नाहन: 6.90 करोड़ के  बैंक लोन में धोखाधड़ी का मामला, राजगढ़ में एफआईआर दर्ज...

अक्स न्यूज लाइन नाहन 01 मार्च :    

राजगढ़ के सनौरा गांव में कोल्ड स्टोर बनाने के नाम पर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की परवाणु शाखा से 6.90 करोड़ के लोन के मामले में बैंक के साथ धोखाधड़ी करने का मामला पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया है।

जिले के एसपी एनएस नेगी ने बताया कि स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, स्ट्रेस्ड एसेट्स रिकवरी ब्रांच, शिमला की शिकायत पर राजगढ़ पुलिस स्टेशन में  आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

बैंक की रिकवरी ब्रांच ने शिकायत में कहा कि उषा कंवर पत्नी अनिल सचदेवा निवासी  तह0 राजगढ़ जिला सिरमौर ने वर्ष 2023 में SBI परवाणु शाखा से सनौरा में कोल्ड स्टोर बनाने के लिए ₹6.90 करोड़ का लोन लिया था।
लेकिन उन्होंने लोन की किश्तें अदा नहीं की और बैंक ने लोन को NPA घोषित कर दिया। 

एसपी ने बताया कि बैंक ने रिकवरी की कार्यवाही शुरू की और नोटिस जारी किया। नोटिस मिलने के बाद उषा कंवर ने अपने पति अनिल सचदेवा के साथ मिलकर लोन की राशि से खरीदी गई मशीनरी और अन्य सामान को चुपचाप कोल्ड स्टोर से हटा दिया।

नेगी ने बताया कि उषा कंवर और उनके पति ने बैंक के पास गिरवी रखी गई चल/अचल संपति को गैर कानूनी तरीके से हटाकर बैंक के साथ अमानत में ख़यानत की है। 

उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ  धारा 316(2), 3(5) BNS के तहत एफआईआर दर्ज कर दी गई है। मामले में जांच जारी है ।