नाहन : माजरा में तैनात हैड कांस्टेबल कुलदीप सिंह का पीजीआई में निधन, पुलिस महकमे में शोक की लहर...
जिला सिरमौर के माजरा पुलिस स्टेशन में तैनात हैड कांस्टेबल कुलदीप सिंह का इलाज के दौरान पीजीआई चंडीगढ़ में निधन हो गया है। कुलदीप सिंह के अचानक हुए निधन से पुलिस विभाग और उनके पैतृक क्षेत्र पच्छाद में शोक पसर गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, हैड कांस्टेबल कुलदीप सिंह 19 अप्रैल को अवकाश पर घर गए थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई। परिजन गंभीर स्थिति को देखते हुए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया था। इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
सिरमौर की तहसील पच्छाद के गांव बोहलघाट निवासी कुलदीप सिंह वर्ष 2008 में हिमाचल प्रदेश पुलिस विभाग में बतौर कांस्टेबल भर्ती हुए थे। पिछले करीब 18 वर्षों के सेवाकाल के दौरान उन्होंने विभिन्न पदों पर रहते हुए अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2024 से वह पुलिस स्टेशन माजरा में बतौर जांच अधिकारी तैनात थे।
कुलदीप सिंह के निधन पर पुलिस विभाग के अधिकारियों व जवानों ने गहरा शोक व्यक्त किया है।








