नाहन: पांवटा क्षेत्र में महिला शक्ति ने हुंकार भरी, नही करने देंगे पेडों का कटान बांधे रक्षा सूत्र...
सिरमौर जिले के शिलाई में पेड़ कटान के मामला सामने आने के बाद पर्यावरण प्रेमी और जंगलों के आसपास रहने वाले लोग पेड़ों की सुरक्षा को लेकर सतर्क हो गए हैं। पांवटा साहिब में यह महिलाएं पेड़ों की सुरक्षा के लिए पेड़ों पर रक्षा सूत्र बांध रही है। इन महिलाओं ने प्रण लिया है कि अपनी जान देकर भी पेड़ों की रक्षा करेंगी। दरअसल, यहां अजोली पंचायत के तहत घुमंतू गुर्जरों के अस्थाई बस्ती के लिए एक सड़क प्रस्तावित है। यह सड़क बनाने के लिए यहां पर लगभग 70 पेड़ों को काटने के लिए मार्क किया गया है ताकि वन क्षेत्र से सुरक्षित और चौड़ी सड़क बनाई जा सके मगर, क्षेत्र की महिलाएं और पुरुष पेड़ कटान को लेकर मुखर हो उठे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गुर्जरों की अस्थाई बस्ती के लिए एक अन्य सड़क मौजूद है। यह सड़क रेवेन्यू रिकॉर्ड में भी दर्ज है और दशकों से इसी सड़क का उपयोग होता आया है मगर, यहां कुछ लोगों ने पंचायत से जाली साइन करवा कर यहां दोबारा सड़क बनाने का प्रस्ताव भेजा है। ग्रामीणों का कहना है कि इस क्षेत्र में दूसरी सड़क बनाने का कोई औचित्य नहीं है। लिहाजा, यहां पेड़ों का कटान नहीं होने दिया जाएगा। इसी मांग को लेकर आज किशन कोट मुंगलावाला, ज्वालापुर और नारीवाला पंचायत की महिलाओं ने पेड़ों को रक्षा सूत्र बांधकर पेड़ों के रक्षा का एलान किया। ग्रामीण और खास तौर पर महिलाओं का कहना है कि जब पहले से सड़क उपलब्ध है तो हरे पेड़ों की बली दे करदूसरी सड़क बनाने का क्या औचित्य है। महिलाओं ने स्पष्ट कर दिया है कि किसी भी सूरत में पेड़ों को नहीं काटने दिया जाएगा। महिलाओं का कहना है कि पेड़ काटने से पहले उनकी गर्दन पर आई चलेगी। वह हर सूरत में पेड़ों और पर्यावरण की रक्षा करेंगे।




