विकसित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के प्रतिभागियों ने किया शिपकी ला का दौरा
अक्स न्यूज लाइन केलांग, 12 जून :
शिमला/किन्नौर। विकसित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम (वीवीवीपी) के पहले चरण के छठे दिन प्रतिभागियों ने भारत-तिब्बत सीमा के उच्चतम क्षेत्र शिपकी ला का दौरा किया। यह गतिविधि सीमांत क्षेत्रों के प्रति जागरूकता, राष्ट्रभावना और आपसी सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित की गई।
शिपकी ला पहुंचने पर प्रतिभागियों को भारत-तिब्बत सीमा क्षेत्र को निकट से देखने का अवसर मिला। भ्रमण के दौरान भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के जवानों ने प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया तथा सीमा क्षेत्र के सामरिक महत्व की जानकारी साझा की।
इस अवसर पर आईटीबीपी कमांडो द्वारा विशेष संवाद सत्र एवं प्रस्तुति भी आयोजित की गई, जिसमें सीमा सुरक्षा, चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में संचालन और उच्च हिमालयी क्षेत्रों में तैनात जवानों के जीवन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
बटालियन द्वारा उपकरणों, कार्यक्षमता और दैनिक गतिविधियों का प्रदर्शन भी किया गया, जिसे प्रतिभागियों ने अत्यंत उपयोगी और प्रेरणादायक बताया। कार्यक्रम के उपरांत प्रतिभागी अपने-अपने गांव—चुलिंग, लियो और हांगो—के लिए रवाना हुए ।
यह भ्रमण प्रतिभागियों के लिए एक प्रभावशाली अनुभव साबित हुआ, जिसने उनमें राष्ट्रप्रेम, सीमा सुरक्षा के प्रति समझ और विभिन्न गांवों के बीच आपसी एकता की भावना को और मजबूत किया।









