एसआईआर के बहाने घुसपैठियों को नागरिक बनाना चाहती है देश में कांग्रेस पार्टी : डाॅ. सिकंदर कुमार
अक्स न्यूज लाइन ऊना 24 जनवरी :
,प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा सांसद ब प्रदेश महामंत्री डाॅ. सिकंदर कुमार ने कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के माध्यम से मतदाता सूचियों की शुद्धता सुनिश्चित करने के संवैधानिक प्रयास का विरोध कर विपक्ष दरअसल घुसपैठियों को संरक्षण देना चाहता है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या कांग्रेस एसआईआर के जरिये देश में अवैध रूप से रह रहे लोगों को नागरिक बनाकर लोकतंत्र को कमजोर करना चाहती है? डाॅ. सिकंदर कुमार शनिवार को जिला ऊना मुख्यालय भाजपा कार्यालय के जिला ऊना के पांचों मंड
लों की भाजपा मंडल मोर्चे प्रकोष्ठ की बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने पार्टी कार्य कर्ताओं को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) तथा विकसित भारत–गारंटी फॉर राष्ट्रीय रोजगार आजीविका मिशन (ग्रामीण) यानी वीबी-ग्राम जी के विषय में विस्तार से मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में संगठन केवल एक प्रशासनिक व्यवस्था नहीं, बल्कि एक संस्कार है। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी की अमूल्य धरोहर है, जो अपने समर्पण, अनुशासन और मेहनत से पार्टी की विचारधारा को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य करता है।
डाॅ. सिकंदर कुमार ने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ग्रामीण भारत के भ्रष्टाचार मुक्त और समग्र विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। वर्ष 2005 में मनरेगा योजना की शुरुआत हुई थी,जिसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार उपलब्ध कराना था, लेकिन समय के साथ इस योजना में व्यापक भ्रष्टाचार देखने को मिला। फर्जी जॉब कार्ड, अपात्र लाभार्थियों और भुगतान में अनियमितताओं के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में अपेक्षित विकास नहीं हो सका। उन्होंने बताया कि इसी पृष्ठभूमि में केंद्र सरकार ने विकसित भारत–गारंटी फॉर राष्ट्रीय रोजगार आजीविका मिशन (ग्रामीण) यानी वीबी-ग्राम जी योजना की शुरुआत की है। इस योजना के तहत ग्रामीण विकास की गारंटी दी गई है। रोजगार के दिनों को 100 से बढ़ा कर 125 दिन किया गया है और किए गए कार्य का भुगतान 15 दिनों के भीतर सुनिश्चित किया गया है। डाॅ सिकंदर कुमार ने कहा कि यह योजना मनरेगा की तुलना में कहीं अधिक पारदर्शी, प्रभावी और तकनीक आधारित है, जिससे भ्रष्टाचार पर प्रभावी रोक लगेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने खेद जताते हुए कहा कि विपक्षी दल इस योजना का विरोध केवल इसलिए कर रहे हैं क्योंकि इसके नाम में “राम” शब्द जुड़ा हुआ है। जबकि वास्तविकता यह है कि वीबी-ग्राम जी योजना ग्रामीण भारत के लिए विकास का नया अध्याय लिखने जा रही है और विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने में अहम भूमिका निभाएगी। एस आई आर के मुद्दे पर बोलते हुए डाॅ. सिकंदर कुमार ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कोई नई प्रक्रिया नहीं है।
संविधान ने निर्वाचन आयोग को मतदाता सूची के शुद्धीकरण का अधिकार दिया है और आजादी के बाद से यह कार्य समय-समय पर होता आया है। भारत का संविधान केवल भारत के नागरिकों को ही मतदान का अधिकार देता है। ऐसे में एस आई आर के माध्यम से मतदाता सूची से अपात्र और अनाधिकृत मतदाताओं को हटाना पूरी तरह संविधान सम्मत प्रक्रिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों ने अपने राजनीतिक हितों के लिए देश में घुसपैठियों को बसाने और उनके अवैध वोटों के माध्यम से लोकतंत्र को कमजोर करने का प्रयास किया है। अब जब उनकी सत्ता हाथ से खिसकती नजर आ रही है, तो वे जनता को गुमराह करने का भरसक प्रयास कर रहे हैं।
डाॅ. सिकंदर कुमार ने कहा कि भाजपा कार्य कर्ताओं का दायित्व है कि वे एस आई आर और वीबी-राम राम जी दोनों अभियानों की वास्तविक और तथ्यात्मक जानकारी जनता तक पहुंचाएं, ताकि भ्रम और झूठे प्रचार का जवाब सच्चाई से दिया जा सके। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने एसआईआर के विरोध पर विपक्षी दलों को करारा जवाब दे दिया है और आने वाले समय में पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और असम की जनता भी लोकतंत्र की मजबूती के पक्ष में अपना स्पष्ट संदेश देगी। विपक्ष जितना अधिक विरोध करेगा, भाजपा कार्यकर्ता उतनी ही मजबूती से राष्ट्रहित के इन अभियानों का प्रचार करेंगे। बैठक के दौरान डाॅ. सिकंदर कुमार ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे बूथ स्तर तक संगठन को और मजबूत करें तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
इस अवसर पर स्थानीय विधायक एवं पूर्व भाजपा के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने भी अपने विचार रखे। बही राज्यसभा सांसद डॉ सिकंदर कुमार का ऊना पहुंचने पर भव्य स्वागत और मंच से सम्मानित भी किया। इस मौके पर जिला भाजपा अध्यक्ष शाम मिन्हास, पूर्व विधायक बलबीर चौधरी प्रो राम कुमार कुटलैहड़ के मंडल अध्यक्ष राजेंद्र मलांगड़ सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।





