नाहन : किसान कांग्रेस कमेटी ने ट्रेड डील को बताया सरेंडर डील
अक्स न्यूज लाइन नाहन 20 फरवरी :
केंद्र सरकार की हालिया ट्रेड डील को लेकर किसान कांग्रेस कमेटी ने इस समझौते पर सवाल उठाते हुए इसे किसानों के हितों के विपरीत बताया है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष रवि शर्मा आज नाहन में पत्रकारों से रूबरू हुए। पत्रकारों से बातचीत में रवि शर्मा ने कहा कि यह ट्रेड डील किसानों के लिए नुकसानदायक साबित हो सकती है। उनके अनुसार, समझौते के तहत निर्यात शुल्क 2.9 प्रतिशत से बढ़ाकर 18 प्रतिशत कर दिया गया है, जबकि आयात शुल्क को शून्य कर दिया गया है।
उनका मानना है कि इससे विदेशी कृषि उत्पाद भारतीय बाजार में कम कीमत पर उपलब्ध होंगे।उन्होंने आशंका जताई कि यदि ऐसा हुआ तो देश के किसानों और बागवानों को अपनी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पाएगा। विशेष रूप से हिमाचल प्रदेश के सेब उत्पादकों और अन्य फसल उगाने वाले किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।रवि शर्मा ने कहा कि सरकार को किसी भी अंतरराष्ट्रीय समझौते से पहले देश के किसानों के हितों को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस डील से विदेशी कंपनियों को लाभ पहुंच सकता है।किसान कांग्रेस कमेटी ने इस समझौते को वापस लेने की मांग की है। संगठन का कहना है कि इस मुद्दे को लेकर जल्द ही राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा जाएगा, जिसमें किसानों और बागवानों के हितों की रक्षा के लिए डील को रद्द करने की अपील की जाएगी।




