नाहन : वन विभाग पांवटा साहिब में 50 हेक्टेयर भूमि पर करेगा पौधा रोपण 4 वन परिक्षेत्र में लहलहाएंगे 10 हजार पौधे, वन विभाग ने पूरी की तैयारियां
अक्स न्यूज लाइन नाहन 18 जुलाई :
जिला सिरमौर के पांवटा साहिब वन मंडल के तहत वन संवर्धन योजना' के अंतर्गत वन विभाग इस बार बरसात के मौसम में 50 हेक्टेयर भूमि पर 10,000 पौधों का रोपण करने जा रहा है। वन विभाग ने पौधारोपण अभियान को सफल बनाने के लिए अपनी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
वन मंडलाधिकारी पांवटा साहिब वेद प्रकाश शर्मा ने बताया कि राजीव गांधी वन संवर्धन योजना के अंतर्गत इस वर्ष मानसून में पांवटा साहिब वन मंडल के चार वनपरिक्षेत्र में 50 हेक्टेयर भूमि पर 10 हजार पौधों का रोपण करने का लक्ष्य रखा गया है जिसको लेकर वन विभाग ने कार्य शुरू कर दिया है। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत मुख्य रूप से आंवला, अर्जुन, बहेड़ा समेत स्थानीय प्रजातियों के पौधों का रोपण किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि वन विभाग न केवल नए पौधों को लगाने पर ध्यान केंद्रित कर रहा है, बल्कि आम जनता की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है। साथ ही नए पौधारोपण के साथ-साथ पिछले वर्ष लगाए गए पौधों की उचित मेंटेनेंस रखरखाव भी किया जाएगा।



